
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने इस बार उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए पिछली बार की तुलना में कहीं अधिक सीटों पर जीत दर्ज की है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह सफलता पार्टी की सुविचारित रणनीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का परिणाम मानी जा रही है। पार्टी कार्यकर्ता इसे ‘ऐतिहासिक विजय’ करार दे रहे हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में मिली इस बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंगाल में ‘कमल खिला’ दिया है और पांच राज्यों की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में हार और जीत स्वाभाविक प्रक्रिया का हिस्सा हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में यह पहला विधानसभा चुनाव था, और उन्होंने जिस तरह से कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया, वह इस जीत में बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि वे बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता के प्रति नतमस्तक हैं। साथ ही उन्होंने लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने इस जीत में अहम योगदान दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनावों के परिणाम भी भाजपा के लिए उत्साहजनक रहे हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा में पार्टी उम्मीदवारों को जनता का समर्थन मिला है। महाराष्ट्र में एनडीए की नेता और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी उल्लेखनीय जीत हासिल की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संबोधन में बंगाल की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करेंगे। साथ ही वे इस जीत को देशभर में भाजपा की बढ़ती ताकत का प्रतीक बताते हुए आने वाली रणनीतियों के संकेत भी दे सकते हैं। भाजपा मुख्यालय को विशेष रूप से सजाया गया है और बड़ी स्क्रीन पर जीत से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो प्रदर्शित किए जा रहे हैं, जबकि कार्यकर्ता ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगा रहे हैं। इससे पहले भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बंगाल की जीत को ऐतिहासिक बताया और इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को दिया। उन्होंने कहा कि बंगाल में पहले भय का माहौल था, जो अब समाप्त हो गया है, और इस हार के बाद विपक्षी इंडिया गठबंधन पर भी असर पड़ेगा। भाजपा मुख्यालय में इस समय उत्सव का माहौल है। कार्यकर्ता जोश के साथ नारे लगा रहे हैं और जीत का जश्न मना रहे हैं। कई वरिष्ठ नेता भी मौके पर मौजूद हैं। प्रधानमंत्री के पहुंचते ही माहौल और अधिक उत्साहित हो गया।






