आगरा के खेरागढ़ में उटंगन नदी में गुरुवार को मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गांव कुसियापुर डूंगरवाला से आए 13 लोग गहरे पानी में डूब गए, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक युवक विष्णु को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के लिए भक्तगण नाचते-गाते नदी में उतरे थे। लेकिन जैसे ही वे अंदर बढ़े, अचानक पानी की गहराई बढ़ने लगी और लोग एक-एक कर डूबने लगे। नदी किनारे चीख-पुकार मच गई और कुछ ही पलों में खुशी का माहौल मातम में बदल गया। हादसा दोपहर करीब एक बजे डुंगरवाला रोड स्थित नदी तट पर हुआ। ग्रामीण मदद के लिए चिल्लाते रहे लेकिन तत्काल कोई राहत दल मौजूद नहीं था। महिलाएं विलाप करती हुई बेसुध होकर नदी किनारे गिर पड़ीं।
शाम 5 बजे तक कोई गोताखोर टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। ग्रामीण ही बार-बार नदी में गोते लगाकर डूबे लोगों की तलाश करते रहे। शाम 5:30 बजे डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी मौके पर पहुंचे और 10 स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया, लेकिन रात 8 बजे तक लापता लोगों का पता नहीं चल सका। हादसे की जगह पर सुरक्षा व्यवस्था न होने की वजह से लोग गहरे पानी में चले गए थे। प्रशासन का कहना है कि विसर्जन के लिए नदी पुल के पास घाट बनाया गया था, लेकिन लोग निर्धारित स्थल से हटकर दूसरी जगह चले गए जहां पानी गहरा था, जिससे हादसा हुआ। इस हादसे में अब तक तीन लोगों ओमपाल, गगन और मनोज की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इनका शव पुलिस और ग्रामीणों की मदद से निकाला गया। बाकी नौ लोगों की तलाश देर रात तक जारी थी। डूबने वालों में पांच नाबालिग भी शामिल हैं। दशहरे के दिन हुए इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना था कि अगर पुलिसकर्मी नदी किनारे तैनात होते तो हादसा टल सकता था। एसडीआरएफ की टीम भी हादसे के छह घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस देरी से लोगों में गुस्सा फैल गया और उन्होंने जाम लगा दिया, जिसे दो घंटे की समझाइश के बाद हटाया जा सका। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन और प्रशासन पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करेगा।
यूपी:आगरा में मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, उटंगन नदी में 13 लोग डूबे






