जोधपुर से माता-पिता के साथ आमेर घूमने आई 6 साल की मासूम बच्ची का शव पुलिस ने बरामद किया है। शुक्रवार (23 अगस्त) को 6 वर्षीय बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने पर आमेर पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू किया। घटना के दिन बच्ची को ढूंढ़ने के प्रयास असफल रहे, लेकिन अगले दिन, शनिवार को करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची का शव आमेर स्थित तालाब से बरामद हुआ। एसडीआरएफ टीम के इंचार्ज ओम प्रकाश ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 7 बजे टीम को फिर से तालाब में उतारा गया, और लगभग 9 बजे बच्ची का शव तालाब से निकाला गया।
पुलिस के अनुसार, बच्ची के पिता अनंत मंडल, जो एयरफोर्स में कार्यरत हैं, जोधपुर में रहते हैं और परिवार के साथ कार से आमेर घूमने आए थे। आमेर महल देखने के बाद वे नीचे आ गए थे और दिलाराम बाग के पास घूम रहे थे, उसी दौरान उनकी 6 साल की बेटी मिष्ठी मंडल लापता हो गई। माता-पिता के शोर मचाने पर पुलिस और होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेकर बच्ची को आसपास के क्षेत्रों में ढूंढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने आमेर, बड़ी चौपड़, सिंधी कैप, रेलवे स्टेशन जैसे इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम को भी बुलाया गया। बच्ची की तलाश मावठा और आसपास के इलाकों में की गई। रात करीब 10 बजे मावठा में सर्च अभियान बंद कर दिया गया, और अगले दिन शनिवार सुबह फिर से सर्च अभियान शुरू किया गया। करीब 2 घंटे की खोज के बाद बच्ची का शव बरामद किया गया।
माता-पिता के साथ आमेर घूमने आई बेटी का शव मिला






