राजस्थान की करणपुर सीट पर आज उप चुनाव हो रहा है इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी और तत्कालीन विधायक गुरजीत सिंह कुन्नूर के निधन के बाद चुनाव टाल दिया था। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूर्व मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टीटी उम्मीदवार हैं जबकि कांग्रेस ने कुन्नर के बेटे रुपिंदर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। खास बात यह है कि भाजपा ने अपनी सरकार में सुरेंद्र पाल सिंह को मंत्री बनाया है, चुनाव प्रक्रिया के दौरान टीटी को मंत्री बनाए जाने पर कांग्रेस ने यह कहते हुए विरोध किया कि यह आचार्य संहिता का उल्लंघन है। सीट जीतने के लिए दोनों पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत लगाई है।
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले की करणपुर निर्वाचन क्षेत्र में कुल 249 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें 180 सेवा मतदाताओं के अलावा 2.4 लाख मतदाता है,जिनमें 1,25,850 पुरुष, 1,14,966 महिलाएं और 10 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।12 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव परिणाम 8 जनवरी को घोषित किए जाएंगे। करणपुर विधानसभा से बीजेपी उम्मीदवार और राजस्थान सरकार में मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा, “संविधान में यह प्रावधान है, कि सीएम को छह महीने के लिए किसी को भी शपथ दिलाने का अधिकार है। मैं हर कार्यकाल में मंत्री था। मैं भैरोंसिंह शेखावत एवं वसुन्धरा राजे के कार्यकाल में मंत्री था और अब इस सरकार में मंत्री हूं, इसलिए यह कोई नई बात नहीं है। मेरे अनुभव को देखते हुए अगर पार्टी ने मुझे पद और सम्मान दिया है तो यह इस क्षेत्र के लिए भी गर्व की बात है।” एक अधिकारी ने बताया कि राजस्थान के करणपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान जारी है और शुरू के पहले दो घंटों में केवल छह प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मौसम में थोड़ा सुधार होने पर दोपहर तक मतदान का औसत बढ़ने की उम्मीद है। भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह टीटी ने मतदान करने से पहले गुरुद्वारा जाकर मत्था भी टेका था।






