पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और एक एयरलाइंस कंपनी में एयरहोस्टेस के पद पर कार्यरत है। वह गुरुग्राम के सेक्टर-15 स्थित एक होटल में ठहरी हुई थीं, जहां 5 अप्रैल को सुबह 11 बजे के करीब वह स्वीमिंग पूल में डूब गईं। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया और फिर एक बड़े नामी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया।
इलाज के दौरान 6 अप्रैल की रात को, जब वह वेंटिलेटर पर थीं, तभी अस्पताल के किसी कर्मचारी ने उनका यौन उत्पीड़न किया। उस समय वह बेहोश थीं और कुछ भी कहने या विरोध करने की स्थिति में नहीं थीं। उनके अनुसार, घटना के वक्त दो नर्सें भी वहां मौजूद थीं। जब वह इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौटीं, तो उन्होंने पूरी घटना अपने पति को बताई। 14 अप्रैल को उनके पति ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर सदर थाना क्षेत्र में अज्ञात आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने सोमवार को एक लीगल एडवाइजर की उपस्थिति में पुलिस स्टेशन जाकर अपना बयान दर्ज करवाया। उन्होंने बताया कि वह गुरुग्राम में एक महीने की ट्रेनिंग के लिए आई थीं और होटल में ठहरी हुई थीं। घटना के बाद उन्हें 5 अप्रैल को उनके पति द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 6 अप्रैल को यह गंभीर वारदात हुई। रविवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अस्पताल में वेंटिलेटर पर एयरहोस्टेस के साथ यौन उत्पीड़न




