पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा सिंधु जल संधि को रद्द करने के फैसले पर पाकिस्तान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान देते हुए भारत को खुली धमकी दी है।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे भारत में भारी आक्रोश फैल गया है। लोग हमले का बदला लेने की मांग कर रहे हैं। इस हमले की जिम्मेदारी ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट’ नामक आतंकी संगठन ने ली है, जिसका संबंध लश्कर-ए-तैयबा से बताया जा रहा है। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुँच गया है, जिसके चलते भारत ने सिंधु जल संधि को रद्द कर दिया है। साथ ही भारत ने पाकिस्तानियों के वीजा पर भी रोक लगा दी है और भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश जारी किया है। भारतीय नागरिकों को भी पाकिस्तान से जल्द लौटने का निर्देश दिया गया है। जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान ने भी शिमला समझौता खत्म करने का ऐलान किया है और भारत के साथ सभी व्यापारिक संबंध तोड़ने का निर्णय लिया है।
पाकिस्तान निष्पक्ष जांच के लिए तैयार
इसके साथ ही शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान पहलगाम हमले के मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए तैयार है। उन्होंने भारत पर बिना सबूत झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए कहा, “पाकिस्तान हर प्रकार की निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय जांच प्रक्रिया में भाग लेने को तैयार है।” इसी बीच पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत को खुली धमकी देते हुए कहा, “अगर भारत ने पाकिस्तान के पानी को रोकने या मोड़ने की कोशिश की, तो हम करारा जवाब देंगे। हम हर तरह के दुस्साहस का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमारा देश 25 करोड़ लोगों का है और हमारी सेना हमारे साथ है।”





