अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद से ही कुछ अजीब चीजें ट्रेंड करने लगी हैं। अमेरिका की कुछ महिलाओं ने ट्रंप के MAGA मूवमेंट के जैसे ही MATGA नामक एक नया आंदोलन शुरू किया है। इस MATGA मूवमेंट का पूरा नाम “मेक एक्वा टोफना ग्रेट अगेन” है, जिसके तहत महिलाओं ने गर्भपात के डर से पहले ही पुरुषों को जहर देने का महिमामंडन किया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, जैसे एक्स और टिकटॉक पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें महिलाएं काल्पनिक हत्या का चित्रण करती नजर आ रही हैं। वीडियो में उन्हें चाय या अन्य अज्ञात पेय पदार्थों में जहर मिलाते हुए दिखाया गया है। यह आंदोलन उसी विचार को समर्थन देता है जिसमें ट्रंप की जीत के बाद महिलाओं ने पुरुषों के साथ यौन संबंध से परहेज करने का ऐलान किया था। अमेरिकी महिलाओं द्वारा शुरू किए गए इस आंदोलन को दक्षिण कोरिया के 4B आंदोलन से प्रेरित माना जा रहा है। न्यूयॉर्क पोस्ट के अनुसार, MATGA आंदोलन ट्रंप के MAGA मूवमेंट की तरह है और इसमें महिलाएं प्राचीन अमेरिका की कुख्यात गिउलिया टोफना से प्रेरित हैं। गिउलिया टोफना 17वीं सदी में उन महिलाओं को जहर बेचती थीं जिनके पति उनके साथ दुर्व्यवहार करते थे।
कौन थी एक्वा टोफना
एक्वा टोफना 17वीं सदी की एक इतालवी महिला थीं, जो उन पत्नियों को जहर बेचती थीं जिनके पति उन पर अत्याचार करते थे। माना जाता है कि उनके जहर के कारण करीब 600 से ज्यादा पुरुष मारे गए। टोफना का जहर स्वादहीन था और इसे कॉस्मेटिक की बोतल में बेचती थीं ताकि पुरुषों को पता न चले। उस समय कई महिलाओं ने अपने खराब विवाह से बचने के लिए इसे एक उपाय के रूप में अपनाया। टोफना के अंत को लेकर कई कहानियाँ हैं। कुछ का कहना है कि एक शिकार के अंतिम समय में जहर के संकेतों का पता चलने पर यह मामला उजागर हुआ और उन्हें पकड़कर मार दिया गया, जबकि कुछ का मानना है कि उम्र के कारण उनकी मृत्यु हुई।
ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद महिलाओं के गर्भपात के अधिकारों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते कई महिलाओं ने यौन संबंध बनाने से परहेज करते हुए अपने तरीके से विरोध प्रदर्शित किया। कुछ महिलाओं ने अपने सिर मुंडवा लिए तो कुछ ने अन्य विचित्र विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लिया। ट्रंप के सत्ता में आने से एक वर्ग की महिलाओं में इस बात का डर बढ़ गया है कि भविष्य में उनके प्रजनन अधिकारों और स्वतंत्रता पर खतरा आ सकता है।
ट्रंप की जीत के बाद अमेरिका में महिलाओं ने शुरू किया ‘MATGA’ आंदोलन





