बलूचिस्तान और पाकिस्तान के बीच टकराव लगातार चर्चा में बना हुआ है। हाल ही में एक बलूच नेता द्वारा आज़ादी का ऐलान किए जाने के बाद अब बलूचिस्तान आर्मी ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर पाकिस्तान को बर्बाद करने की बात कही है।
बलूचिस्तान प्रांत में विद्रोह की स्थिति के संकेत मिल रहे हैं। बलूचिस्तान आर्मी ने कहा, “हम एक ऐसा इतिहास रचने जा रहे हैं जिसे पूरी दुनिया देखेगी। हम पाकिस्तान को खत्म कर देंगे।” यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि एक दिन पहले ही प्रमुख बलूच नेता मीर यार बलोच ने बलूचिस्तान की आज़ादी की घोषणा की थी।
“बलूचिस्तान कभी पाकिस्तान का हिस्सा नहीं था”
मीर यार ने कहा कि बलूचिस्तान ने 11 अगस्त 1947 को ही अपनी स्वतंत्रता की घोषणा कर दी थी, जब अंग्रेज भारत और बलूचिस्तान से जा रहे थे। उन्होंने पाकिस्तान सरकार पर दशकों से की जा रही हवाई बमबारी, ज़बरन गायब किए जाने और नरसंहार के आरोप लगाए। उन्होंने भारतीय मीडिया से अपील की कि वे बलूचों को पाकिस्तान के नागरिकों की तरह पेश न करें। उन्होंने कहा, “हम पाकिस्तानी नहीं हैं, हम बलूचिस्तानी हैं। पाकिस्तान के अपने लोग पंजाबी हैं, जिन्होंने कभी बलूचों जैसी यातनाएं नहीं सही हैं।”
भारत के प्रति बलूच समर्थन
मीर यार बलोच ने कहा कि हालिया पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के समय बलूचिस्तान के लोगों ने भारत के प्रति समर्थन जताया है। उन्होंने कहा, “बलूचिस्तान के लोकतांत्रिक गणराज्य के लोग भारत के नागरिकों को पूरा समर्थन देते हैं। भले ही चीन पाकिस्तान के साथ है, लेकिन हम भारत की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं। भारत के प्रधानमंत्री अकेले नहीं हैं, उनके साथ 6 करोड़ बलूच राष्ट्रवादी खड़े हैं।”
भारतीयों का आभार प्रकट किया
अंत में मीर यार ने भारत और उसके नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “बलूचिस्तान को बिना शर्त नैतिक समर्थन देने के लिए मैं भारत के लोगों का दिल से धन्यवाद करता हूं। जब भी बलूचिस्तान का इतिहास लिखा जाएगा, भारत के योगदान को स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। हम भारत की शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।”






