अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर तकनीकी दिग्गज एपल को धमकी दी है। उन्होंने साफ कहा है कि अमेरिका में बिकने वाले आईफोन का निर्माण अमेरिका में ही होना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो एपल को 25 प्रतिशत टैरिफ देना पड़ेगा। ट्रंप ने यह बयान अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए दिया। उन्होंने लिखा, “मैंने पहले ही एपल के सीईओ टिम कुक को बता दिया था कि मैं उम्मीद करता हूं कि अमेरिका में बिकने वाले आईफोन का निर्माण अमेरिका में ही हो। अगर वे भारत या किसी और देश में इसका निर्माण करते हैं, तो उन्हें भारी टैरिफ देना होगा।” ट्रंप ने यह भी कहा कि वह यूरोपीय संघ पर भी 1 जून से सीधे 50% टैरिफ लगाने की योजना बना रहे हैं। उनके इन बयानों के बाद अमेरिकी और वैश्विक बाजारों में गिरावट देखी गई।
आईफोन की कीमतें बढ़ सकती हैं
ट्रंप की इस धमकी के बाद अनुमान लगाए जा रहे हैं कि आईफोन की कीमतों में तेज़ बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे एपल की बिक्री और मुनाफा प्रभावित हो सकता है। इतना ही नहीं, अब एपल भी अमेजन, वॉलमार्ट जैसी कंपनियों के साथ ट्रंप के निशाने पर आ गई है, जो टैरिफ से पैदा हुई अनिश्चितता और महंगाई के दबाव से जूझ रही हैं।
पिछले हफ्ते भी दी थी ऐसी चेतावनी
ट्रंप ने इससे पहले भी एक कार्यक्रम में एपल सीईओ टिम कुक से बातचीत में कहा था कि उन्हें भारत में आईफोन का उत्पादन बढ़ाना पसंद नहीं है। ट्रंप ने कहा, “मैं नहीं चाहता कि एपल भारत में निर्माण करे। भारत खुद अपना ध्यान रख सकता है। अगर आप भारत में निर्माण करना चाहते हैं, तो वहां बिक्री करना भी मुश्किल होगा, क्योंकि भारत सबसे अधिक टैरिफ लेने वाले देशों में से एक है।”
भारत में बढ़ रहा आईफोन का निर्माण
एपल ने हाल के वर्षों में चीन पर निर्भरता कम करने और सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए भारत में आईफोन निर्माण बढ़ाया है। कंपनी तमिलनाडु और कर्नाटक में कई मॉडल असेंबल कर रही है। अब हर 5 में से 1 आईफोन भारत में बन रहा है। 2024-25 में भारत में आईफोन निर्माण में 60% की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसमें से 1.5 लाख करोड़ रुपये का एक्सपोर्ट हुआ।
भारत में बन सकते हैं 6 करोड़ आईफोन
एक रिपोर्ट के मुताबिक, एपल अमेरिका में बिकने वाले सभी आईफोन का निर्माण 2026 तक भारत में करने की योजना बना रही है। इससे भारत को वैश्विक विनिर्माण हब बनाने के प्रयासों को बल मिलेगा।
खुदरा बिक्री और रोजगार पर भी ध्यान
एपल भारत में उत्पादन दोगुना करने के साथ-साथ बंगलुरु, पुणे, दिल्ली-एनसीआर और मुंबई में चार नए स्टोर खोलने की योजना पर भी काम कर रहा है। इसके अलावा, कंपनी विनिर्माण और खुदरा क्षेत्रों में सैकड़ों लोगों को रोजगार देने की तैयारी कर रही है। फिलहाल, एपल भारत में 3,000 से अधिक लोगों को रोजगार दे रहा है।





