बहुजन समाज पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद द्वारा दिए गए बयान कि पार्टी का कोई आधिकारिक आईटी सेल नहीं है, ने बसपा समर्थकों को नाराज़ कर दिया है। समर्थकों की मांग है कि पार्टी जल्द से जल्द अपना आईटी सेल गठित करे, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों में विपक्षी दलों के आरोपों का प्रभावी जवाब दिया जा सके।
रविवार को दिए गए बयान में आकाश आनंद ने कार्यकर्ताओं को फर्जी आईटी सेल्स से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ लोग उनके नाम से नकली आईटी सेल चला रहे हैं। आकाश ने कहा कि बसपा एक मिशनरी आंदोलन है जो केवल समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर आगे बढ़ता है। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर पार्टी समर्थकों ने जोरशोर से आधिकारिक आईटी सेल बनाए जाने की मांग उठाई है। साथ ही, पिछली बार चुनाव में लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए शुरू की गई मिस्ड कॉल सेवा के बंद हो जाने को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि राजनीति में आने के बाद आकाश आनंद ने बसपा को सोशल मीडिया पर सक्रिय करना शुरू किया था। उन्होंने न केवल पार्टी की वेबसाइट को नया रूप दिया बल्कि कई डिजिटल पहल भी कीं। सोशल मीडिया पर बसपा समर्थक लगातार पार्टी से जुड़ी गतिविधियों को साझा करते रहते हैं। इसी बीच कई फर्जी और पैरोडी अकाउंट्स भी बन गए हैं, जिनके खिलाफ पार्टी अब सख्त रवैया अपना रही है।
अब सोशल मीडिया पर सक्रिय होगी बसपा, आईटी सेल की मांग ज़ोरों पर






