इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी मर्डर केस में सोमवार को चौंकाने वाला मोड़ आया, जिसने सभी को हैरत में डाल दिया। शिलांग से लापता सोनम रघुवंशी करीब 1100 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक ढाबे से बरामद हुई। इसी के साथ मेघालय पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि सोनम ने ही अपने पति राजा की हत्या के लिए पेशेवर हत्यारों को सुपारी दी थी।
मेघालय पुलिस ने सोनम को हिरासत में लेकर शिलांग ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उधर राजा रघुवंशी की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी यह साफ हुआ है कि उनकी निर्मम हत्या की गई थी। उनके सिर पर धारदार हथियार से दो घातक वार किए गए, जिससे उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक, हत्या के लिए जो हथियार इस्तेमाल हुआ, वह नया था और खास तौर पर हत्या के उद्देश्य से ही खरीदा गया था।
इस हत्याकांड में पुलिस ने इंदौर से तीन आरोपियों राज कुशवाहा, विशाल चौहान और आकाश राजपूत को गिरफ्तार किया है। इन सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद 7 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर मेघालय पुलिस को सौंप दिया गया। वहीं बीना से गिरफ्तार एक और आरोपी आनंद को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद सभी आरोपियों को फ्लाइट से शिलांग ले जाया जाएगा।
मेघालय की डीजीपी आई. नोंगरांग ने पुष्टि की कि राजा की हत्या उसकी पत्नी सोनम ने सुपारी देकर करवाई थी। मेघालय एसआईटी चीफ हर्बर्ट पिनियाड खारकोंगोर के अनुसार, राजा के सिर पर दो गहरे घाव पाए गए, एक सामने से और एक पीछे से जिससे साबित होता है कि हमला बेहद नजदीक से और सुनियोजित तरीके से किया गया था। हत्या में इस्तेमाल हथियार को पुलिस ने 3 जून को जब्त कर लिया था।
इस घटनाक्रम ने पूरे मामले को एक नया और बेहद चौंकाने वाला मोड़ दे दिया है।
इंदौर में राजा रघुवंशी हत्याकांड: पत्नी सोनम ने ही सुपारी देकर करवाई थी हत्या






