महाराष्ट्र के पुणे जिले के मावल तहसील में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हुआ। इंद्रायणी नदी पर बना 32 साल पुराना लोहे का पैदल पुल अचानक ढह गया। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि यह पुल पहले से ही असुरक्षित घोषित किया जा चुका था। हादसे के समय पुल पर पर्यटकों की भारी भीड़ थी, जिन्होंने चेतावनी बोर्ड को नजरअंदाज किया। अत्यधिक भीड़ के कारण पुल पर दबाव बढ़ा और वह टूटकर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पर काफी भीड़ थी और दोनों ओर से आ रहे वाहनों के कारण रास्ता भी जाम था। इसी बीच भीड़ का दबाव बढ़ा और पुल टूट गया। कुछ लोग नदी में बह गए, जबकि कई लोग पत्थरों पर गिरने से घायल हुए। घायलों में से एक, सुनील कुमार ने बताया, “जब मैं पुल पर था, मुझे लगा यह हिल रहा है। जैसे ही मैं अपनी बहन को बताने लगा, पुल गिर गया। मेरा पैर फ्रैक्चर हो गया है, लेकिन यहां अच्छा इलाज मिल रहा है।” एक अन्य घायल बादल ने कहा, “हादसे के 15 मिनट के भीतर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई थी। मेरे पैर और पीठ में चोट आई है। घटना इसलिए हुई क्योंकि बहुत सारे लोग एक साथ पुल पर खड़े थे।”
यह स्थान पिकनिक और पर्यटन के लिहाज़ से लोकप्रिय है। हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे कुंदामाला में हुआ। हाल के दिनों में लगातार बारिश से नदी का बहाव भी तेज बना हुआ था। हादसे के वक्त पुल पर 100 से अधिक लोग मौजूद थे।
पुणे में नदी पर बना पुल गिरा; 6 लोगों की मौत, हादसे के वक्त पुल पर 100 से ज्यादा लोग थे मौजूद






