पाकिस्तान ने ईरान को आश्वस्त किया है कि अगर इजरायल ने उस पर परमाणु हमला किया, तो वह भी इजरायल पर जवाबी परमाणु हमला करेगा। यह जानकारी ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सदस्य मोहसन रेजाई ने साझा की। इधर, क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में अपने युद्धपोत तैनात कर दिए हैं और इजरायल को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।
G7 बैठक में रहेगा ईरान-इजरायल तनाव पर खास फोकस
विश्व के प्रमुख नेता G7 शिखर सम्मेलन के लिए कनाडा के अल्बर्टा रवाना हो चुके हैं। इस बैठक में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव पर विशेष चर्चा होने की संभावना है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। G7 के अधिकांश सदस्य इजरायल के पक्ष में हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रों ने भी इजरायल को अपना समर्थन दिया है।
ईरान में भारतीय छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहा है भारत
भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और ईरान में मौजूद भारतीय छात्रों से संपर्क कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था कर रहा है। दूतावास ईरानी अधिकारियों के साथ समन्वय में है।
ईरान में मिली इजरायली ड्रोन फैक्ट्री: सेना का दावा
ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, ईरानी सेना ने देश के भीतर एक तीन मंजिला इजरायली ड्रोन फैक्ट्री का पता लगाया है। अधिकारियों का मानना है कि देश में ऐसी और भी फैक्ट्रियां हो सकती हैं। ईरान ने आरोप लगाया है कि इन्हीं फैक्ट्रियों की मदद से इजरायल ने हाल ही में उसके परमाणु और सैन्य ठिकानों पर हमला किया है। साथ ही, ईरान ने मध्यस्थता कर रहे कतर और ओमान से स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जब तक इजरायल के हमले जारी रहेंगे, संघर्ष विराम संभव नहीं है।





