पोर्न स्टार को पैसे देने के मामले में फंसे डोनाल्ड ट्रंप को फिलहाल कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। एक जज के अनुसार, अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति को 10 जनवरी को सजा सुनाई जाएगी। जस्टिस जुआन मर्चन के इस फैसले का मतलब है कि ट्रंप को 20 जनवरी को शपथ ग्रहण से ठीक 10 दिन पहले अदालत में पेश होना होगा। यह स्थिति अमेरिका के इतिहास में पहली बार हुई है, क्योंकि इससे पहले किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति, चाहे वर्तमान हो या पूर्व, को सजा नहीं सुनाई गई है।
जज ने कहा कि 78 वर्षीय ट्रंप इस सजा के दौरान व्यक्तिगत रूप से या वर्चुअल तरीके से पेश हो सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह ट्रंप को जेल की सजा देने का इरादा नहीं रखते। इस दौरान ट्रंप को हिरासत में नहीं लिया जाएगा और न ही जुर्माना लगाया जाएगा। जज ने इसे सबसे व्यावहारिक समाधान बताया।
ट्रंप के प्रवक्ता स्टीवन चेउंग ने कहा कि इस मामले में कोई सजा नहीं होनी चाहिए। उनका कहना है कि यह मामला कानून के खिलाफ है और इसे तुरंत खारिज कर दिया जाना चाहिए।
जस्टिस मर्चन ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत के आधार पर मामले को खारिज करने की ट्रंप की याचिका को भी खारिज कर दिया और सजा सुनाने की अपनी योजना घोषित की। ट्रंप के वकीलों ने दलील दी थी कि राष्ट्रपति के कार्यकाल के दौरान इस तरह का मामला उनके कर्तव्यों पर असर डालेगा। हालांकि, मर्चन ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि जूरी के फैसले को अनदेखा करना कानून को कमजोर करने जैसा होगा।
पोर्न स्टार केस में डोनाल्ड ट्रंप को राहत नहीं, 10 जनवरी को सुनाई जाएगी सजा






