भाजपा नेता और कालकाजी विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने प्रियंका गांधी को लेकर दिए गए अपने बयान पर खेद प्रकट किया है। बिधूड़ी ने कहा कि उनके बयान को संदर्भ से अलग लेकर कुछ लोग गलत धारणा के साथ राजनीतिक लाभ उठाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इरादा किसी को अपमानित करने का नहीं था। यदि उनके बयान से किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो वह इसके लिए खेद जताते हैं।
दरअसल, सोशल मीडिया पर रमेश बिधूड़ी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते नजर आ रहे हैं कि चुनाव जीतने के बाद वह कालकाजी की सड़कों को प्रियंका गांधी के गालों जैसी चिकनी बना देंगे। इस बयान को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने बिधूड़ी पर तीखे हमले किए हैं। कांग्रेस ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भाजपा को महिला विरोधी पार्टी करार दिया और कहा कि बिधूड़ी का बयान भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है। वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह बयान न केवल बिधूड़ी की घटिया मानसिकता को दर्शाता है, बल्कि उनके नेतृत्व की असलियत भी उजागर करता है। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने भी बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे शर्मनाक करार दिया।
रमेश बिधूड़ी ने सफाई में कहा कि उनके बयान को लालू यादव के हेमा मालिनी पर दिए गए बयान के संदर्भ में कहा गया था। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके बयान से किसी को ठेस पहुंची है तो वह अपने शब्द वापस लेते हुए खेद प्रकट करते हैं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस और आप नेताओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पहले वे अपने गिरेबान में झांकें। बिधूड़ी ने कहा कि भाजपा महिलाओं का सम्मान करती है और हमारी सनातन संस्कृति में महिलाओं का सर्वोच्च स्थान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी अपने असफल कार्यकाल से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की राजनीति कर रही हैं।
रमेश बिधूड़ी ने अपने बयान पर खेद जताया, बोले अपमान का इरादा नहीं था





