अहमदाबाद में एअर इंडिया की उड़ान AI-171 के हादसे के बाद एयरलाइन ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अगले कुछ हफ्तों के लिए वाइडबॉडी विमानों से संचालित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 15 प्रतिशत तक की कटौती करने की घोषणा की है। यह कटौती 20 जून से लागू होगी और जुलाई मध्य तक प्रभावी रहेगी।

एअर इंडिया ने इस निर्णय के पीछे कई वजहें बताई हैं, जैसे कि अनिवार्य सुरक्षा निरीक्षण, क्षेत्रीय रात्रि हवाई क्षेत्र में कर्फ्यू, मध्य पूर्व में जारी भू-राजनीतिक तनाव, और इंजीनियरिंग व कॉकपिट टीमों द्वारा अपनाई गई अतिरिक्त सतर्कता। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए कंपनी ने यह अस्थायी कटौती की है।
छह दिन में रद्द की गईं 83 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें
18 जून को जारी बयान में एयरलाइन ने बताया कि पिछले छह दिनों में परिचालन संबंधी बाधाओं के कारण 83 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। यह कदम परिचालन की स्थिरता बनाए रखने, सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए उठाया गया है। जो यात्री इस उड़ान कटौती से प्रभावित हुए हैं, उन्हें मुफ्त पुनः बुकिंग या पूरी राशि की वापसी जैसे विकल्प दिए जाएंगे। एयरलाइन जल्द ही 20 जून से प्रभावी संशोधित उड़ान कार्यक्रम जारी करेगी।
हादसे के बाद एअर इंडिया के 33 बोइंग 787-8/9 विमानों में से 26 की अनिवार्य सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई है, जबकि शेष विमानों की जांच चल रही है। एहतियात के तौर पर कंपनी ने बोइंग 777 विमानों की भी जांच करवाई है। एअर इंडिया ने कहा कि वह अपने यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानती है और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रही है।
AI-171 विमान दुर्घटना में 241 लोगों की मौत पर एयरलाइन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। कंपनी ने बताया कि वह पीड़ितों और घायलों के परिवारों की हरसंभव सहायता के लिए गुजरात सरकार के साथ मिलकर कार्य कर रही है। टाटा समूह और एअर इंडिया के स्वयंसेवकों को अस्पतालों में समन्वय और मृतकों के पार्थिव शरीर की गरिमापूर्ण वापसी सुनिश्चित करने के लिए तैनात किया गया है। एयरलाइन ने कहा, “हम इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों को अपना परिवार मानते हैं और उनके साथ पूरी संवेदना और सहयोग के साथ खड़े हैं।”
यात्रियों से मांगी माफी
एअर इंडिया ने माना कि कुछ उड़ानों को अस्थायी रूप से रद्द या स्थगित करने के कारण यात्रियों को असुविधा हुई है। इस पर खेद प्रकट करते हुए एयरलाइन ने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह से यात्रियों की सुरक्षा और भरोसेमंद सेवा को बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है





