कल यानि 1 जुलाई 2025 से तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव होने वाला है। अब केवल वही यात्री तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे जिनका आईआरसीटीसी अकाउंट आधार से प्रमाणित होगा।
अगर आप अक्सर ट्रेन से यात्रा करने के लिए तत्काल टिकट बुक करते हैं तो यह जानकारी आपके लिए बेहद अहम है। भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) ने घोषणा की है कि 1 जुलाई 2025 से तत्काल टिकट बुक करने के नियम बदल दिए जाएंगे। अब केवल उन्हीं यात्रियों को यह सुविधा मिलेगी जिनका आईआरसीटीसी अकाउंट आधार कार्ड से सत्यापित होगा।
रेलवे द्वारा जारी नए दिशानिर्देशों के मुताबिक, जिन यात्रियों ने अब तक अपने आईआरसीटीसी अकाउंट में आधार वेरिफिकेशन नहीं कराया है, वे तत्काल टिकट की बुकिंग नहीं कर पाएंगे। यह नियम आईआरसीटीसी की वेबसाइट (www.irctc.co.in) और मोबाइल ऐप, दोनों पर लागू रहेगा। इस कदम का मुख्य उद्देश्य फर्जी और अवैध टिकट बुकिंग पर रोक लगाना है। साथ ही, इससे यात्रियों की पहचान की पुष्टि आसान होगी, ताकि असली और जरूरतमंद यात्री ही इस सुविधा का लाभ ले सकें।
आधार ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया क्या है?
अगर आपने अभी तक अपना आईआरसीटीसी अकाउंट आधार से लिंक नहीं किया है, तो घबराने की जरूरत नहीं। कुछ आसान चरणों में यह काम पूरा किया जा सकता है:
• आईआरसीटीसी की वेबसाइट या ऐप पर लॉगिन करें।
• ‘My Account’ सेक्शन में जाएं।
• ‘Authenticate User’ विकल्प चुनें।
• अपना आधार नंबर दर्ज करें और ओटीपी के माध्यम से वेरिफिकेशन पूरा करें।
ध्यान रखें कि आपके आधार में वही मोबाइल नंबर लिंक होना चाहिए, जो आपके पास उपलब्ध है। हालांकि यह नया नियम कुछ यात्रियों के लिए शुरुआती परेशानी का कारण बन सकता है, लेकिन लंबे समय में यह बुकिंग प्रक्रिया को और ज्यादा पारदर्शी और सुरक्षित बना देगा। इसलिए अगर आप भी भविष्य में तुरंत यात्रा की योजना बनाते हैं, तो जल्द ही अपने अकाउंट का आधार वेरिफिकेशन करा लें।






