फरीदाबाद की ग्रीनफील्ड कॉलोनी में सोमवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। मकान के बाहर लगी एसी की आउटडोर यूनिट में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे पूरा कमरा धुएं से भर गया। इस हादसे में पति, पत्नी और उनकी बेटी की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, घटना ग्रीनफील्ड्स कॉलोनी के गेट नंबर 10 के अंदर बनी एक बिल्डिंग के फ्लैट की है। आग लगते ही फ्लैट के अंदर धुआं भर गया। दम घुटने के कारण पति सचिन कपूर, पत्नी रिंकू और बेटी सुजान की जान चली गई, जबकि बेटा आर्यन गंभीर रूप से झुलस गया है। हादसे के वक्त परिवार पहली मंजिल से नीचे उतरने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सीढ़ियों में घना धुआं होने के चलते वे दूसरी मंजिल पर ही फंस गए। धुएं के कारण पति-पत्नी, बेटी और उनके पालतू कुत्ते की मौत हो गई। आर्यन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग की तीसरी मंजिल भी इसी परिवार की है, लेकिन वह खाली थी।
फरीदाबाद: शॉर्ट सर्किट से एसी में आग लगी, पति-पत्नी और बेटी की मौत





