जम्मू: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में आतंकियों के साथ मुठभेड़ के दौरान घायल एक जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार देर शाम आतंकियों की गोली लगने से वह घायल हो गया था। उधमपुर के ऊंचाई वाले एक दूरदराज़ वन क्षेत्र में सेना और पुलिस ने आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना पर संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान शनिवार तड़के उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सैनिक शुक्रवार देर शाम घायल हुआ था, जब आतंकवादियों ने उधमपुर के डुडू-बसंतगढ़ क्षेत्र और डोडा के भद्रवाह में सेओज धार वन सीमा पर सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) की संयुक्त तलाशी टीम पर गोलीबारी की। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ स्थल के आसपास के इलाके को रात भर कड़ी घेराबंदी में रखा गया। शनिवार सुबह संयुक्त तलाशी अभियान फिर से शुरू हुआ। वन क्षेत्र में दो से तीन आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका जताई गई है। उधमपुर और डोडा दोनों ओर ड्रोन और खोजी कुत्तों से लैस अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं और अंतिम रिपोर्ट मिलने तक व्यापक तलाशी अभियान जारी रखा गया। हालांकि, सेना के अधिकारियों ने बताया कि अब तक आतंकवादियों से कोई नया संपर्क नहीं हुआ है।
जे&के: उधमपुर सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक जवान शहीद






