चुनाव आयोग ने बुधवार को घोषणा की कि जम्मू-कश्मीर की खाली पड़ी चार राज्यसभा सीटों और पंजाब की एक सीट के लिए चुनाव 24 अक्तूबर को कराए जाएंगे। आयोग के अनुसार, मतदान का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक तय किया गया है और मतगणना शाम 5 बजे से शुरू होगी।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर की ये चार सीटें फरवरी 2021 से खाली हैं। 15 फरवरी 2021 को गुलाम नबी आजाद और नजीर अहमद लवाय का कार्यकाल समाप्त हुआ था, जबकि फयाज अहमद मीर और शमशेर सिंह मन्हास का कार्यकाल 10 फरवरी 2021 को खत्म हुआ था।
पंजाब की सीट इसी साल जुलाई में सांसद संजीव अरोड़ा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। उन्होंने विधानसभा चुनाव जीतने के बाद राज्यसभा की सदस्यता छोड़ दी थी। राज्यसभा में उनका कार्यकाल 9 अप्रैल को स्वतः समाप्त होना था।
चुनाव आयोग ने बताया कि इस चुनाव का नोटिफिकेशन 6 अक्तूबर को जारी किया जाएगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 अक्तूबर होगी और उनकी जांच 14 अक्तूबर तक की जाएगी। उम्मीदवार चाहें तो 16 अक्तूबर तक अपना नाम वापस ले सकते हैं।
जम्मू-कश्मीर की चार व पंजाब की एक राज्यसभा सीट पर 24 अक्तूबर को उपचुनाव





