
अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में दिवाली को अब आधिकारिक रूप से सरकारी अवकाश घोषित कर दिया गया है। स्थानीय गवर्नर ने इस संबंध में एक बिल पर हस्ताक्षर कर इसे कानून बना दिया है। इस फैसले के बाद से भारतीय मूल के लोगों में अपार उत्साह देखने को मिल रहा है।
मंगलवार को कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने असेंबली बिल 268 पर हस्ताक्षर कर दिवाली को राज्य की आधिकारिक छुट्टियों में शामिल कर दिया। नए कानून के तहत अब राज्य के सरकारी कर्मचारी, कम्युनिटी कॉलेज और सरकारी स्कूल दिवाली के अवसर पर अवकाश ले सकेंगे। साथ ही, स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों को दिवाली के महत्व और उसके संदेश पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति भी दी गई है।
बिल एबी 268 में क्या है?
इस बिल में प्रावधान किया गया है कि दिवाली के दिन राज्य के कर्मचारी वेतन सहित अवकाश प्राप्त कर सकते हैं। स्कूल और कॉलेज उस दिन बंद रह सकते हैं और शैक्षणिक संस्थान दिवाली के सांस्कृतिक व सामाजिक महत्व पर विशेष आयोजन कर सकते हैं।
भारतीय समुदाय में हर्ष की लहर
कैलिफोर्निया में करीब 10 लाख दक्षिण एशियाई मूल के लोग रहते हैं, जिनमें भारतीय और भारतीय-अमेरिकी समुदाय की बड़ी संख्या शामिल है। इस निर्णय से उनमें खुशी की लहर दौड़ गई है। सिलिकॉन वैली के उद्योगपति और समाजसेवी, तथा पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के सलाहकार रहे अजय भूटोरिया ने इस कदम की सराहना की। उन्होंने एक्स पर लिखा— “गवर्नर गेविन न्यूसम को धन्यवाद, जिन्होंने दिवाली को कैलिफोर्निया की राज्य छुट्टी घोषित किया। असेंबली मेंबर आश कालरा और दर्शन पटेल को भी आभार, जिन्होंने इस बिल को मंजिल तक पहुंचाया। यह रोशनी, एकता और विविधता का उत्सव है।”
“नवाचार और संस्कृति को नई ऊंचाइयां”
अजय भूटोरिया ने कहा कि आज कैलिफोर्निया की समावेशिता की यात्रा में एक उज्ज्वल अध्याय जुड़ गया है। दिवाली आशा की निराशा पर, एकता की विभाजन पर, और ज्ञान की अज्ञान पर विजय का प्रतीक है, यह संदेश यहां के हर दक्षिण एशियाई समुदाय के दिल में गूंजता है। उन्होंने इसे सिर्फ एक छुट्टी नहीं, बल्कि भारतीय प्रवासियों के योगदान और उनकी विरासत को सम्मान देने वाला निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि सिलिकॉन वैली के तकनीकी विशेषज्ञों से लेकर दक्षिण कैलिफोर्निया के स्वास्थ्यकर्मियों तक, भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने राज्य की अर्थव्यवस्था, नवाचार और संस्कृति को नई ऊंचाइयां दी हैं।
“शुभ दीपावली, प्रगति के दीप जलते रहें”
अजय भूटोरिया ने कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा, “20 अक्तूबर को जब हम दिवाली मनाने की तैयारी कर रहे हैं, यह कदम हमें गर्व, अपनापन और सामूहिक सौहार्द की नई रोशनी देगा।”






