मध्य प्रदेश में जहरीले ‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। श्रीसन मेडिकल्स के मालिक एस रंगनाथन को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले छिंदवाड़ा पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने आरोपी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
जानकारी के मुताबिक, श्री सन फार्मास्यूटिकल कंपनी (चेन्नई) के मालिक रंगनाथन को कल रात गिरफ्तार किया गया। उन्हें चेन्नई की अदालत में पेश किया जाएगा और ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद छिंदवाड़ा लाया जाएगा। पुलिस ने रंगनाथन को पकड़ने के लिए दो टीमें चेन्नई और कांचीपुरम भेजी थीं।
बता दें कि जहरीले सिरप के सेवन से अब तक प्रदेश में 20 बच्चों की मौत हो चुकी है। इनमें 17 छिंदवाड़ा, एक पांढुर्ना और दो बैतूल के बच्चे शामिल हैं। बीते 24 घंटे में तीन और मासूमों की जान चली गई, जबकि पांच बच्चे नागपुर में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद अब एस रंगनाथन से पूरे मामले में पूछताछ की जा रही है। बच्चों की मौत का यह सिलसिला अभी भी थम नहीं रहा है।
‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप कांड: कंपनी के मालिक एस रंगनाथन गिरफ्तार, छिंदवाड़ा लाएगी पुलिस






