दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज के बाहर ओडिशा की दूसरी वर्ष की एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह परिसर और छात्रों की सुरक्षा का ध्यान रखे। ममता ने इस दौरान कहा कि छात्राओं को देर रात बिना वजह बाहर नहीं जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बंगाल में ऐसे अपराधों के प्रति “ज़ीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जाती है। उन्होंने संबंधित निजी मेडिकल कॉलेज प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और छात्राओं से अपील की कि वे रात में बिना किसी कारण बाहर न निकलें। ममता ने दोषियों को सख्त सजा देने का आश्वासन दिया और अन्य राज्यों में दुष्कर्म पीड़िताओं के साथ होने वाले व्यवहार पर भी सवाल उठाए। उत्तर बंगाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर रवाना होने से पहले कोलकाता एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में ममता बनर्जी ने सवाल उठाया कि रात 12:30 बजे छात्रा कॉलेज परिसर के बाहर कैसे पहुंची? उन्होंने कहा, “उसे रात में, वह भी जंगल वाले इलाके में बाहर जाने की अनुमति किसने दी? घटना वन क्षेत्र में हुई, जैसा कि मुझे बताया गया है।”
ओडिशा, उत्तर प्रदेश, बिहार और मणिपुर में हुई इसी तरह की घटनाओं का ज़िक्र करते हुए ममता ने कहा, “बंगाल में ऐसे अपराधों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी की तलाश जारी है।” ममता ने बाहर से पढ़ने आई छात्राओं से अपील की कि वे देर रात अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी पर रात में बाहर निकलने की रोक नहीं है, यह केवल उनकी अपील है। उन्होंने निजी कॉलेजों को भी छात्राओं की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बताया। ममता ने कहा कि ऐसे संस्थानों को सुरक्षा के ठोस उपाय करने चाहिए। अन्य राज्यों की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कई जगहों पर पीड़िताओं के साथ बेहद अमानवीय व्यवहार किया जाता है, जबकि बंगाल में ऐसा नहीं होता। ओडिशा में हाल ही में हुई एक दुष्कर्म की घटना पर उन्होंने वहां की सरकार की कार्रवाई पर भी सवाल उठाया। ममता ने दोहराया कि राज्य सरकार ऐसी किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं करेगी और पुलिस पूरी गंभीरता से जांच में जुटी है।
दुर्गापुर गैंगरेप: ममता बनर्जी का गैर जिम्मेदाराना बयान; ‘लड़कियों को रात में बाहर नहीं घूमना चाहिए’






