दिल्ली में एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुकुंदपुर की रहने वाली 20 वर्षीय छात्रा पर दिनदहाड़े तेजाब फेंकने का मामला सामने आया है। चेहरे को बचाने के प्रयास में युवती के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद पीड़िता को गंभीर हालत में दीपचंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती को एसिड अटैक की चोटों के साथ लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से पूछताछ की। पीड़िता ने बताया कि वह स्नातक द्वितीय वर्ष की नॉन-कॉलेज छात्रा है और अतिरिक्त कक्षा के लिए अशोक विहार स्थित लक्ष्मीबाई कॉलेज जा रही थी। रास्ते में मुकुंदपुर निवासी जितेंद्र अपने दो साथियों, ईशान और अरमान, के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा। छात्रा के अनुसार, ईशान ने अरमान को एक बोतल थमाई और फिर अरमान ने उस पर तेजाब फेंक दिया। युवती ने चेहरा बचाने की कोशिश की, लेकिन उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए। हमला करने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपी जितेंद्र पिछले कुछ समय से उसका पीछा कर रहा था और लगभग एक महीने पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा भी हुआ था।
घटना की जानकारी मिलने पर क्राइम ब्रांच और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़िता के बयान और चोटों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
दिल्ली: छात्रा पर दिनदहाड़े तेजाब फेंका, दोनों हाथ झुलसे





