पाकिस्तान ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को ‘आतंकवादी’ घोषित कर दिया है। यह फैसला उनके उस बयान के बाद लिया गया है, जिसमें उन्होंने बलूचिस्तान को एक स्वतंत्र देश बताया था। सरकार ने उन्हें आतंकवाद-रोधी अधिनियम (1997) की चौथी अनुसूची में शामिल किया है, जिसमें ऐसे व्यक्तियों के नाम दर्ज किए जाते हैं जिन पर आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े होने का संदेह होता है।बलूचिस्तान सरकार के गृह विभाग ने 16 अक्टूबर 2025 को जारी एक अधिसूचना में सलमान खान को निगरानी सूची में डालते हुए कहा कि वे ‘आजाद बलूचिस्तान’ के सूत्रधार हैं। यह अधिसूचना अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
पूरा मामला उस समय चर्चा में आया जब रियाद में आयोजित एक कार्यक्रम में सलमान खान, शाहरुख खान और आमिर खान मौजूद थे। इस दौरान सलमान खान ने कहा था, “अगर आप एक हिंदी फिल्म बनाएं और यहां रिलीज करें तो वह सुपरहिट होगी। इसी तरह अगर तमिल, तेलुगु या मलयालम फिल्म बनती है तो वह भी करोड़ों रुपये कमाएगी, क्योंकि यहां कई देशों के लोग रहते हैं, बलूचिस्तान, अफगानिस्तान, पाकिस्तान के लोग, हर कोई यहां काम कर रहा है।” सलमान खान के इसी बयान को लेकर पाकिस्तान में विवाद भड़क गया और सरकार ने उनके खिलाफ यह सख्त कदम उठाया है।
बलूचिस्तान को अलग देश बताने पर पाकिस्तान ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को बताया ‘आतंकवादी’






