अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला में राजनीतिक कैदियों की रिहाई की सराहना की है। रविवार को 100 से अधिक कैदियों को छोड़े जाने के बाद उन्होंने इसे एक अहम मानवीय पहल बताया और कहा कि रिहाई की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। ट्रंप ने सोमवार को इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि कैदियों को मुक्त करने की कार्रवाई लगातार गति पकड़ रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर उन्होंने लिखा, “मुझे खुशी है कि वेनेजुएला अपने राजनीतिक कैदियों को तेज़ी से रिहा कर रहा है। आने वाले समय में यह प्रक्रिया और तेज़ होगी।” उन्होंने इस फैसले पर सहमति जताने के लिए वेनेजुएला के नेतृत्व का आभार भी व्यक्त किया।
रविवार को वेनेजुएला में 100 से ज्यादा राजनीतिक कैदियों की रिहाई हुई। एक गैर-सरकारी संगठन के अनुसार, अमेरिकी दबाव के चलते कैदियों को चरणबद्ध तरीके से छोड़ा जा रहा है। संगठन ने पुष्टि की है कि रविवार को कुल 104 कैदी रिहा किए गए, जबकि इससे पहले 80 कैदियों के छोड़े जाने की जानकारी सामने आई थी। संभावना जताई जा रही है कि यह संख्या आगे और बढ़ सकती है। बताया जा रहा है कि इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी विशेष बलों द्वारा वामपंथी नेता निकोलस मादुरो को हिरासत में लिए जाने के बाद हालात बदले। इसके बाद डेल्सी रोड्रिग्ज ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली और जेल में बंद मादुरो के विरोधियों को रिहा करने का आश्वासन दिया था।
रविवार को तेल कर्मियों को संबोधित करते हुए रोड्रिग्ज ने कहा कि वेनेजुएला अब वाशिंगटन के निर्देशों पर नहीं चलेगा। उन्होंने जोर दिया कि देश को अपने आंतरिक विवाद खुद सुलझाने चाहिए और विदेशी हस्तक्षेप बंद होना चाहिए। सरकारी अधिकारियों का दावा है कि दिसंबर से अब तक 626 कैदियों को रिहा किया जा चुका है, जबकि गैर-सरकारी संगठन इससे कहीं कम संख्या की पुष्टि कर रहे हैं। मानवाधिकार संगठनों ने रिहाई की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई है, वहीं कैदियों के परिजन जेलों के बाहर अपनों के बाहर आने का इंतजार कर रहे हैं।
वेनेजुएला में सैकड़ों कैदियों की रिहाई; ट्रंप ने बताया मानवीय पहल






