प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने जा रही हैं। पार्टी ने संगठन को मजबूती देने और चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए आकाश आनंद को दोबारा अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
आकाश आनंद जल्द ही उत्तर प्रदेश में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बसपा पंचायत चुनावों के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव भी पूरी ताकत से लड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। अपने सियासी अस्तित्व को मजबूत बनाए रखने के लिए पार्टी ने जमीनी स्तर पर व्यापक अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में मार्च से राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की अगुवाई में प्रदेशभर में जनसभाओं और रोड शो आयोजित किए जाने की योजना बनाई जा रही है। पार्टी के युवा चेहरे के तौर पर आकाश आनंद संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ पारंपरिक वोट बैंक को एकजुट करने की मुहिम चलाएंगे। सूत्रों के अनुसार, बसपा सुप्रीमो मायावती की अंतिम स्वीकृति मिलते ही इस कार्यक्रम को औपचारिक रूप दिया जाएगा।
गौरतलब है कि बसपा इस बार लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक ठहराव को खत्म करने के लिए हर संभव विकल्प आजमाने के मूड में है। मायावती पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि पार्टी आगामी सभी चुनाव अपने दम पर लड़ेगी और संगठन के हित में कठोर फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगी। इसी कड़ी में आकाश आनंद को प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपकर उन्हें व्यापक दौरे का दायित्व दिया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले आकाश आनंद को यूपी और उत्तराखंड के प्रचार से दूर रखा गया था, लेकिन बदले राजनीतिक हालात में पार्टी ने रणनीति में बदलाव किया है। प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल के संगठनात्मक प्रयासों के बीच अब आकाश आनंद को मैदान में उतारकर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की तैयारी है। आकाश आनंद पूर्व में बिहार में रोड शो और जनसभाओं के जरिए पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में सफल रहे थे, जिससे बसपा को अपना वोट बैंक बचाने और विधानसभा में प्रतिनिधित्व कायम रखने में मदद मिली थी।






