दिवंगत एनसीपी प्रमुख अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार शनिवार सुबह मुंबई पहुंच गई हैं। वह शाम को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार उनकी जगह डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी संभालेंगी। मुंबई पहुंचते ही वह अपने बेटे पार्थ के साथ दक्षिण मुंबई स्थित अपने दिवंगत पति के आधिकारिक आवास ‘देवगिरी’ पहुंचीं।
दोपहर में एनसीपी विधायक दल की बैठक
62 वर्षीय सुनेत्रा पवार फिलहाल महाराष्ट्र विधानमंडल के किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं। ऐसे में दोपहर को मुंबई में होने वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना जाएगा। इसके बाद वह महाराष्ट्र की पहली महिला उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की औपचारिकता पूरी करेंगी। कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने बताया कि शनिवार दोपहर एनसीपी विधायक दल की बैठक में उन्हें औपचारिक रूप से नेता नामित किया जाएगा।
पवार परिवार को नहीं थी फैसले की जानकारी
बारामती में 28 जनवरी (बुधवार) को हुए विमान हादसे में अजित पवार का निधन हो गया था। इसके बाद एनसीपी और पार्टी संस्थापक शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट के संभावित विलय की चर्चाएं तेज हुईं। हालांकि एनसीपी (एसपी) और शरद पवार परिवार के सूत्रों का कहना है कि भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार में शामिल होने के फैसले की उन्हें पहले से कोई जानकारी नहीं थी। सूत्रों के अनुसार एनसीपी-एसपी नेतृत्व और शरद पवार परिवार के सदस्यों को इन योजनाओं का पूर्वाभास नहीं था। इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सत्तारूढ़ महायुति का नेतृत्व कर रही भाजपा, दिवंगत अजित पवार के परिवार और पार्टी द्वारा लिए गए किसी भी निर्णय का समर्थन करेगी। नागपुर में मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि एनसीपी डिप्टी मुख्यमंत्री पद को लेकर जो भी फैसला लेगी, भाजपा उसके साथ खड़ी रहेगी।
लोकसभा में हार, फिर राज्यसभा तक का सफर
गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनावों तक सुनेत्रा पवार सक्रिय राजनीति से दूर थीं। उन्होंने बारामती से अपने पति की पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा, लेकिन प्रतिष्ठित मुकाबले में अपनी भाभी और मौजूदा एनसीपी-एसपी सांसद सुप्रिया सुले से हार गईं। इसके बाद उन्हें राज्यसभा के लिए चुना गया।






