
दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड के खुले गड्ढे में गिरकर एक निजी बैंक में कार्यरत युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय कमल चंदानी के रूप में हुई है, जो एचडीएफसी बैंक की रोहिणी शाखा में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस और जल बोर्ड दोनों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे कमल की जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक के भाई के अनुसार, कमल गुरुवार रात करीब 10 बजे ऑफिस से घर के लिए निकला था। उसने आखिरी बार फोन पर बताया था कि वह करीब 10 मिनट में घर पहुंच जाएगा, लेकिन इसके बाद उसका फोन रात 12:30 बजे बंद हो गया। जब देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन पहले रोहिणी स्थित उसके कार्यालय पहुंचे और फिर जनकपुरी थाने गए, लेकिन कहीं से कोई मदद नहीं मिली। भाई का आरोप है कि पुलिस ने केवल कमल की आखिरी लोकेशन बताई, लेकिन मौके पर तलाश में सहयोग नहीं किया। परिवार ने रात भर कई थानों के चक्कर लगाए, इसके बावजूद कोई सुराग नहीं मिला।
मृतक के भाई ने दावा किया कि रात करीब 1:30 बजे वह स्वयं गड्ढे के पास गया था, लेकिन उस समय वहां कमल मौजूद नहीं था। सुबह जब दोबारा कमल के नंबर पर कॉल किया गया, तो पुलिस ने फोन उठाकर बताया कि उसका शव गड्ढे से बरामद कर लिया गया है। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर सक्रिय होती, तो कमल की जान बच सकती थी।
परिवार ने जल बोर्ड पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क पर खोदे गए गहरे गड्ढे को सुरक्षित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। गड्ढे के चारों ओर केवल एक पर्दा लगाया गया था, जिससे रात के समय बाइक सवार को गड्ढा दिखाई नहीं दिया और वह सीधे उसमें गिर गया। गहरे गड्ढे में गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दर्दनाक हादसे ने हाल ही में नोएडा में इंजीनियर युवराज के साथ हुई घटना की यादें ताजा कर दी हैं। परिजनों का कहना है कि यदि सड़क पर उचित सुरक्षा व्यवस्था होती, तो यह हादसा टल सकता था। उनका आरोप है कि यह सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि शहरी अव्यवस्था और लापरवाही का नतीजा है। परिवार ने मामले में हत्या की आशंका भी जताई है।
सुबह मिली मौत की सूचना
सुबह पुलिस से फोन आने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कमल अपनी बाइक के साथ गड्ढे में मृत अवस्था में मिला। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।दिल्ली सरकार ने इस घटना का संज्ञान लिया है। दिल्ली जल बोर्ड द्वारा मरम्मत कार्य के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में बाइक सवार की मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली के शहरी विकास मंत्री 7 फरवरी को घटनास्थल का दौरा करेंगे। सरकार की ओर से मामले की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।






