
आरएमएससी ने कंपनी की प्रतिबंधित 29 दवाओं की आपूर्ति फिर शुरू करने के निर्देश जारी किए
जयपुर। सीकर और भरतपुर जिलों में पिछले वर्ष कफ सिरप की खेप से कथित मौतों के मामले में राज्य सरकार ने लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। राजस्थान मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (आरएमएससी) ने केयोंस फार्मा की प्रतिबंधित 29 दवाओं की आपूर्ति दोबारा शुरू करने के आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश में उल्लेख किया गया है कि प्रयोगशाला जांच और गुणवत्ता परीक्षण में दवाएं तय मानकों पर खरी उतरी हैं, इसलिए उन पर लगाया गया अस्थायी प्रतिबंध हटाया जाता है।
रुकी हुई दवाओं का वितरण फिर शुरू करने के निर्देश
निगम की ओर से जारी अलग-अलग आदेशों में सभी जिला औषधि भंडारों, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों तथा चिकित्सा संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि रोकी गई दवाओं का वितरण तत्काल प्रभाव से पुनः शुरू किया जाए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार शुरुआती स्तर पर सावधानी के तौर पर दवाओं की आपूर्ति रोकी गई थी। उनका कहना है कि कुछ सरकारी अस्पतालों में दवाओं की कमी के चलते मरीजों को निजी मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदनी पड़ी थीं। उल्लेखनीय है कि कफ सिरप से मौत के आरोपों को लेकर राजस्थान विधानसभा के वर्तमान बजट सत्र में 3 फरवरी को विपक्षी सदस्यों ने सदन में जोरदार हंगामा भी किया था।






