राजस्थान के सरकारी कर्मचारियों ने दिवाली से पहले भजनलाल सरकार के सामने वेतन संबंधी मांगें रखी हैं। राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम ने सरकार से आग्रह किया है कि अक्टूबर माह का वेतन दीपावली से पूर्व जारी किया जाए। प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि दिवाली के मौके पर सभी कर्मचारी भी आम जनता की तरह विशेष खरीदारी करते हैं, जिसके लिए समय पर वेतन मिलना बहुत जरूरी है ताकि वे अपने परिवार के साथ खुशी से त्योहार मना सकें। इस बार दीपावली महीने के आखिरी दिनांक को है, इसलिए सरकार से अनुरोध है कि शिक्षकों को वेतन पहले ही जारी कर दिया जाए।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि जैसे अन्य विभागों के कर्मचारियों को दिवाली पर बोनस और वेतन समय पर मिलता है, वैसे ही शिक्षकों की भी मांग पूरी की जानी चाहिए। वहीं, भजनलाल सरकार ने दिवाली के अवसर पर राजस्थान के कर्मचारियों को बोनस देने का आदेश जारी किया था, जिसके तहत प्रत्येक कर्मचारी को अधिकतम 6774 रुपये मिलेंगे। इसका लाभ राज्य सरकार के 6 लाख कर्मचारियों के अलावा पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी मिलेगा। उम्मीद की जा रही है कि 20 अक्टूबर तक कर्मचारियों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से रखी मांग, दिवाली से पहले मिले वेतन






