हाल के समय में स्कूली छात्रों द्वारा आत्महत्या के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। देश के विभिन्न हिस्सों से ऐसे दुखद समाचार सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार, 16 फरवरी को चित्रदुर्ग जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां 16 वर्षीय 10वीं कक्षा के छात्र ने आत्महत्या कर ली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक भरमसागर स्थित डीवीएस स्कूल में पढ़ने वाले छात्र, जो करियान्ननहल्ली गांव का निवासी था, ने स्कूल की इमारत की तीसरी मंज़िल से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिला है, जिसमें छात्र रेलिंग के पास टहलते हुए कुछ देर रुकता है और अचानक नीचे कूद जाता है।
दबाव के आरोप, जांच जारी
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्रारंभिक जांच में पुलिस को छात्र के तनावग्रस्त होने के संकेत मिले हैं। परिवार और दोस्तों ने आरोप लगाया है कि स्कूल के वार्डन और हेडमास्टर की ओर से उस पर दबाव डाला जा रहा था। छात्र के पिता ने इस संबंध में पहले शिकायत भी की थी, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। माना जा रहा है कि इसी वजह से छात्र अवसाद में चला गया होगा। भरमसागर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।





