
दौरे के पहले दिन कई विदेशी निवेशकों से मुलाकात
लॉजिस्टिक्स, डेटा सेंटर, कौशल विकास में निवेश करने के लिए कई कंपनियां उत्सुक
सिंगापुर दौरे के पहले दिन योगी आदित्यनाथ ने विदेशी निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों से अहम मुलाकातें कर राज्य में निवेश की नई संभावनाओं को गति दी। लॉजिस्टिक्स, डेटा सेंटर, कौशल विकास और अवसंरचना जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश के प्रति कंपनियों ने गहरी रुचि दिखाई। सिंगापुर यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न वैश्विक निवेशकों के साथ बैठक कर औद्योगिक सहयोग, निवेश विस्तार और दीर्घकालिक साझेदारी के विविध पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। इसी क्रम में उन्होंने प्रमुख निवेश कंपनी टेमासेक होल्डिंग्स के चेयरमैन टियो ची हीन और उनकी टीम से मुलाकात की तथा कंपनी के वैश्विक निवेश अनुभव और उत्तर प्रदेश में संभावित निवेश अवसरों पर विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने टेमासेक को प्रदेश में अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवाओं, वेयरहाउसिंग और फिनटेक आधारित शहरी विकास सहित कई क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
बैठक के दौरान यह जानकारी भी साझा की गई कि टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी मनिपाल हॉस्पिटल्स द्वारा गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जबकि असेंडास राज्य में लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विकास हेतु करीब 500 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना पर काम कर रही है। इन परियोजनाओं से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और औद्योगिक ढांचे को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके अतिरिक्त दोनों पक्षों ने डेटा सेंटर और कौशल विकास जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। यह संभावित साझेदारी राज्य की भविष्य-उन्मुख अवसंरचना को सुदृढ़ करने के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में भी सहायक सिद्ध हो सकती है, जिससे प्रदेश तकनीकी रूप से अधिक सक्षम और आर्थिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।






