
भाई के मोबाइल में कैद हुई दिल दहला देने वाली घटना
दिल्ली के न्यू अशोक नगर क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 28 वर्षीय पवन कुमार ने रील बनाने के चक्कर में खुद को गोली मार ली। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान उसका भाई मोबाइल पर वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था और उसे इस बात का अंदाजा तक नहीं था कि पवन ऐसा खौफनाक कदम उठा लेगा। पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा गांव में घटी इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, युवक ने अपने चचेरे भाई की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी। वारदात के वक्त उसका भाई वीडियो बना रहा था, लेकिन जैसे ही पवन ने खुद को गोली मारी, वह स्तब्ध रह गया और उसे यकीन ही नहीं हुआ कि उसने जो देखा, वह वास्तविक है। पुलिस के अनुसार, 16 मार्च को न्यू अशोक नगर थाने को धर्मशिला अस्पताल, वसुंधरा एन्क्लेव से गोली लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पवन कुमार (निवासी दल्लूपुरा, उम्र करीब 28 वर्ष) को गंभीर हालत में लाया गया था। उसकी छाती के बाईं ओर गोली लगी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में सामने आया कि घटना दल्लूपुरा गांव में ही हुई थी। क्राइम और फोरेंसिक टीम ने अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगहों का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ है कि पवन कुमार ने खुद को गोली मारी थी। उसने अपने चचेरे भाई हिमांशु की लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल किया। पुलिस ने पिस्टल और 10 कारतूस जब्त कर लिए हैं। साथ ही, हिमांशु का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया है, जिसमें घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। वीडियो फुटेज की जांच में यह पुष्टि हुई है कि पवन ने खुद ही गोली चलाई, जबकि उसका भाई मौके पर मौजूद था और पूरी घटना रिकॉर्ड कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।






