अरविंद केजरीवाल ने आज बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में दिल्ली के दलित छात्रों के लिए ‘डॉ. अंबेडकर स्कॉलरशिप’ योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार उन दलित छात्रों का विदेश में पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगी, जो बाहर पढ़ने का सपना देख रहे हैं। इसके साथ ही, इस स्कॉलरशिप का लाभ सरकारी कर्मचारियों के बच्चों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करती है, तो डॉ. अंबेडकर सम्मान स्कॉलरशिप योजना शुरू की जाएगी। इस योजना के तहत विदेशी विश्वविद्यालयों में दाखिला लेने वाले दलित छात्रों की पढ़ाई का पूरा खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी। सरकारी कर्मचारियों के बच्चों को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर को भी लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में पढ़ाई के दौरान आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा था, जिसके चलते उन्हें अपनी पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ी। हालांकि, बाद में फंड की व्यवस्था होने पर उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की। उन्होंने कहा, “हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली का कोई भी दलित छात्र पैसे की कमी के कारण अपनी पढ़ाई अधूरी न छोड़े। यह बाबा साहेब के प्रति हमारा सम्मान और सच्ची श्रद्धांजलि होगी।” केजरीवाल ने यह घोषणा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संसद में दिए गए बयान के विरोध में की। उन्होंने कहा, “अमित शाह ने संसद में डॉ. अंबेडकर का अपमान किया है, जिससे मुझे और करोड़ों अंबेडकर अनुयायियों को गहरी ठेस पहुंची है। यह स्वतंत्र भारत है, और यहां संसद में डॉ. अंबेडकर का अपमान कोई सोच भी नहीं सकता।”
आप सरकार दलित छात्रों की विदेश में पढ़ाई का खर्चा उठाएगी -केजरीवाल






