लिफ्ट में फंसे छात्र ने कॉल, वीडियो कॉल, मैसेज किया, बोला ‘बचा लो, मेरा दम घुट रहा है…’
दिल्ली के करोल बाग स्थित विशाल मेगा मार्ट में शुक्रवार शाम करीब 6:45 बजे आग लग गई। इस हादसे में यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र धीरेंद्र समेत दो लोगों की मौत हो गई। धीरेंद्र ने लिफ्ट के अंदर फंसे होने पर अपने परिवार और दोस्तों को कई बार फोन करके मदद की गुहार लगाई, मगर कोई सहायता नहीं पहुंची। उसके पिता गिरीश प्रताप ने बताया कि लिफ्ट में धुआं भर जाने से उसका दम घुटने लगा था। धीरेंद्र ने वीडियो कॉल पर अपनी हालत दिखाने की कोशिश भी की, लेकिन अंधेरा और कमजोर नेटवर्क की वजह से कुछ दिखाई नहीं दिया।
भाई और बहन से भी लगाई थी मदद की पुकार
धीरेंद्र ने दिल्ली में रहने वाले अपने बड़े भाई और बहन को कई कॉल और मैसेज भेजे। उसने बताया कि वह कई घंटों से लिफ्ट में फंसा हुआ है और उसे किसी तरह बाहर निकाला जाए। परिजनों के अनुसार, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मदद की मांग की, लेकिन उन्हें यही जवाब मिलता रहा कि पूरी बिल्डिंग जांची जा चुकी है और अंदर कोई नहीं है। देर रात जब मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा और मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई, तब जाकर पता चला कि धीरेंद्र मार्ट के अंदर ही है। इसके बाद राहत-बचाव दल ने तलाशी शुरू की और लिफ्ट के भीतर उसका शव मिला। उसकी बहन डॉ. स्वाति सिंह ने बताया कि भाई लगातार मदद के लिए चिल्ला रहा था, लेकिन किसी ने उसकी जान नहीं बचाई। लिफ्ट में न तो मास्क था और न ही कोई आपात उपकरण।
दो दिन पहले ही घर से लौटा था धीरेंद्र
धीरेंद्र दो भाइयों में छोटा था। वह पिछले छह साल से दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहा था। स्नातक के बाद वह पीजी कर रहा था और यूपीएससी की तैयारी में जुटा था। पढ़ाई में होनहार धीरेंद्र पिछले महीने घर गया था और बृहस्पतिवार को ही वापस दिल्ली लौटा था।
आग बुझाने में 24 घंटे से ज्यादा वक्त लगा
चार मंजिला इमारत में लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां तैनात रहीं। शनिवार शाम तक भी राहत और कूलिंग का काम चल रहा था। अंदर का तापमान बहुत अधिक होने के कारण तलाशी में दिक्कतें आईं।
खरीदारी करने पहुंचा था धीरेंद्र
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वाल्सन के मुताबिक, यूपी के सोनभद्र निवासी 24 वर्षीय कुंवर धीरेंद्र विक्रम सिंह का शव शुक्रवार देर रात लिफ्ट से मिला। आशंका है कि धुएं से दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई। वह वहां खरीदारी करने गया था। शनिवार दोपहर को दूसरी मंजिल से एक और बुरी तरह जला शव बरामद हुआ, जिसकी शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका
पुलिस ने शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई है। करीब 400 गज में फैली चार मंजिला इस इमारत में पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने हाईड्रोलिक क्रेन से भीतर जाने का रास्ता बनाया। कुछ लोगों का मानना है कि अंदर और शव हो सकते हैं। पूरी तरह आग बुझने और तलाशी पूरी होने पर ही साफ हो पाएगा कि हादसे में और कितने लोग जान गंवा बैठे।



