
किसानों को 48 घंटे में मिलेगा भुगतान
उत्तर प्रदेश में सोमवार से सरकारी गेहूं खरीद अभियान की शुरुआत हो गई है। अब तक 2.24 लाख से अधिक किसान अपनी उपज बेचने के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। राज्य भर में 3574 क्रय केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि कुल मिलाकर 6500 केंद्र संचालित किए जाएंगे। इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जो पिछले साल की तुलना में 160 रुपये अधिक है। खरीद प्रक्रिया 15 जून तक जारी रहेगी और इसमें खाद्य विभाग की विपणन शाखा समेत कुल 8 एजेंसियां शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, पेयजल और बैठने जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उतराई, छनाई और सफाई के लिए किसानों को 20 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त दिए जाएंगे। सरकार ने पहले 30 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य तय किया था, जिसे बढ़ाकर अब 50 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है। किसानों को भुगतान डीबीटी के माध्यम से 48 घंटे के भीतर करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया गया है, ताकि बिचौलियों की भूमिका खत्म हो सके।
जिन किसानों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे fcs.up.gov.in या ‘यूपी किसान मित्र’ ऐप के जरिए आवेदन या नवीनीकरण कर सकते हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में टोल-फ्री नंबर 18001800150 पर संपर्क किया जा सकता है।






