
28 अगस्त तक भक्त कर सकेंगे बाबा बर्फानी के दर्शन
यात्रा के लिए15 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन प्रारंभ होंगे
श्री अमरनाथ यात्रा 2026 का आयोजन 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इसकी घोषणा की।
श्री अमरनाथ जी की पवित्र यात्रा इस वर्ष कुल 57 दिनों तक चलेगी। उपराज्यपाल ने श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की बैठक के बाद यात्रा कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यात्रा के लिए पंजीकरण 15 अप्रैल से प्रारंभ होंगे और यह सभी श्रद्धालुओं के लिए अनिवार्य रहेगा। देशभर की 556 अधिकृत बैंक शाखाओं के माध्यम से अग्रिम पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध होगी, साथ ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी किया जा सकेगा। यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए आयु सीमा 13 से 70 वर्ष निर्धारित की गई है। श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग या 14 किलोमीटर के अपेक्षाकृत छोटे लेकिन अधिक चुनौतीपूर्ण बालटाल मार्ग का चयन कर सकेंगे। इस वर्ष यात्रा की प्रथम पूजा ज्येष्ठ पूर्णिमा, 19 जून को आयोजित की जाएगी। प्रशासन द्वारा यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।





