
तुर्किये के कहमनमारस प्रांत स्थित एक स्कूल में बुधवार को हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। एक छात्र द्वारा की गई इस फायरिंग में शिक्षक समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति पर नियंत्रण पाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावर छात्र ने अचानक स्कूल परिसर में दो कक्षाओं में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, मृतकों में एक शिक्षक भी शामिल है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कहमनमारस के गवर्नर मुकर्रम उनलुअर ने बताया कि हमलावर छात्र को भी मार गिराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसके पास से बरामद हथियार उसके पुलिस अधिकारी पिता के हो सकते हैं। हालांकि, हमले के पीछे की मंशा का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। घटना के बाद स्कूल परिसर को सुरक्षा बलों ने घेर लिया और जांच शुरू कर दी गई। मौके से सामने आए वीडियो फुटेज में घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाते हुए देखा गया है। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही शानलिउर्फा प्रांत में भी एक हाई स्कूल में गोलीबारी की घटना सामने आई थी, जिसमें 16 लोग घायल हो गए थे। बताया गया कि 18 वर्षीय पूर्व छात्र ने सिवेरेक स्थित एक व्यावसायिक हाई स्कूल में शॉटगन से फायरिंग की और बाद में खुद को भी गोली मार ली।
इस्तांबुल में वाणिज्य दूतावास पर हमले की कोशिश
तुर्किये में हाल के दिनों में हिंसक घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इससे पहले 7 अप्रैल को इस्तांबुल में इस्राइली वाणिज्य दूतावास की इमारत पर भी हमला करने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावरों को मार गिराया, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घटना के दौरान गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।






