इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को सत्ता में आने से रोकने के इरादे से बनाए गए विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A में रार खत्म होती नहीं दिख रही। ताजा घटनाक्रम में कांग्रेस नेता पवन खेरा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर पलटवार किया है। दरअसल, भगवंत मान ने दावा किया था कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस पंजाब और दिल्ली के अंदर अब इतिहास हो चुकी है। इस पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने 1 जनवरी को मान के दावों का विरोध करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विचारधाराओं में समानता का आरोप लगाया और “कांग्रेस मुक्त भारत” का दृष्टिकोण रखने का आरोप लगाया। पवन खेरा ने लिखा, “आप के और मोदी जी के विचार कितने मिलते जुलते हैं. दोनों का सपना कांग्रेस मुक्त भारत का है। दोनों ही मुंह की खाएंगे। वैसे एक भोजपुरी फिल्म का नाम है एक था जोकर आपने तो देखी ही होगी.” पवन खेड़ा का ये बयान उस वक्त आया जब भगवंत मान ने भी कांग्रेस को एक थी कांग्रेस बोला था।
सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से चंढीगड़ में पत्रकारों ने पूछा कि पंजाब कांग्रेस के नेता गठबंधन के खिलाफ हैं, और उन्हें लगता है कि गठबंधन हुआ तो कांग्रेस का पंजाब से सफाया हो जाएगा, इस पर मान ने कहा कि आज उनकी क्या स्थिति है। क्या कांग्रेस की स्थिति साफ होने से कम है। भगवंत मान ने आगे कहा, “जल्दी ही पंजाब और दिल्ली में माताएं अपने बच्चों को यह कहानी सुनाती दिखाई देंगी कि एक थी कांग्रेस। हालंकि, मान ने कहा कि संविधान को बचाने के लिए I.N.D.I.A अलायंस के तहत कांग्रेस के साथ गठबंधन जरूरी है।”





