कांग्रेस ने दिल्ली की पूर्व विधायक अलका लांबा को महिला कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है। इसके साथ ही वरुण चौधरी को पार्टी की छात्र शाखा नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) का प्रमुख बनाया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ये नियुक्तियां की हैं। इसके साथ ही कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का भी ऐलान किया है। कई राज्यों को मिलाकर एक क्लस्टर बनाया गया। हर क्लस्टर में स्क्रीनिंग कमेटी का एक अध्यक्ष और दो सदस्य बनाये गये है। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उम्मीदवारों को छांटने के लिए पांच स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बनी अल्का लांबा को पिछले वर्ष कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में विशेष आमंत्रित के रूप में नामित किया गया था।
अलका लांबा ने इस नई जिम्मेदारी पर कहा कि देश की बेटियों के आंसुओं के बीच भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सौंपी गई इस जिम्मेदारी का मुझे पूरा एहसास है। मैं विश्वास दिलाती हूं, कि महिला कांग्रेस देश में अन्याय, शोषण, हिंसा, अत्याचार का सामना कर रही देश की बेटियों, बहनों की आवाज़ बनकर न्याय मिलने तक लड़ेगी. महिला कांग्रेस राजनैतिक, आर्थिक, सामाजिक, क़ानूनी और संविधान द्वारा महिलाओं को दिए गए बराबरी के अधिकारों को पंक्ति में खड़ी अंतिम महिला तक सही मायने में पहुंचाकर उनकी भागेदारी और सशक्तिकरण का रास्ता प्रशस्त करेगी।




