बांग्लादेश की राजधानी ढाका के गोपीबाग इलाके में सात जनवरी को होने वाले आम चुनाव से पहले आगजनी में एक ट्रेन में आग लगने से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की सात गाड़ियां मौके पर पहुंची थी। यात्री ट्रेन बेनापोल एक्सप्रेस के चार डिब्बे आग की चपेट में आ गए। आग उस समय लगी जब ट्रेन स्थानीय समयानुसार रात नौ बजे ढाका रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी। आरोप है कि यह हमला लोगों को डराने और संसदीय चुनावों में मतदान करने से रोकने के मकसद से किया गया था। गौरतलब है कि विपक्षी पार्टियों ने चुनाव को लेकर बहिष्कार कर दिया था। विपक्षी दलों का कहना है कि शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए वहां निष्पक्ष चुनाव नहीं कराए जा सकते हैं। आपको बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के नेतृत्व वाली पार्टी और अन्य विपक्षी दलों ने चुनावों का बहिष्कार करने की घोषणा की है। विपक्ष ने मतदान कराने के लिए एक तटस्थ कार्यवाहक सरकार की मांग की, जिसे यह कहते हुए ठुकरा दिया गया कि संविधान में इस तरह के कदम के लिए कोई प्रावधान नहीं है।
द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक गोपीबाग इलाके में रात करीब 9 बजे आग लगी। जिसे रात 10.20 बजे तक काबू पा लिया गया। बताया जा रहा है कि ट्रेन में सवार कई यात्री भारतीय नागरिक थे। पुलिस को संदेह है कि यह आगजनी का मामला है। पुलिस हताहतों और नुकसान का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चला रही है। पुलिस को आशंका है कि डिब्बों के अंदर कई और लोग हो सकते हैं। यह ट्रेन ढाका को बांग्लादेश के सबसे महत्वपूर्ण बंदरगाह बेनापोल से जोड़ती है। बांग्लादेश में रविवार को आम चुनाव होने हैं। मुख्य विपक्षी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसके सहयोगियों ने प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे और “स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव” के लिए कार्यवाहक सरकार के गठन की मांग करते हुए चुनाव प्रक्रिया का पूर्ण बहिष्कार करने का आह्वान किया है।





