राजधानी दिल्ली में कंपकपाने वाली ठंड पड़ रही है और घने कोहरे ने सर्दी के सितम को और बढ़ा दिया है। धूप न होने की वजह से दिन में भी आसमान में अंधेरा सा छाया हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शुक्रवार की सुबह दिल्ली के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाया रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम कार्यालय ने दिन के दौरान दिल्ली में कुछ स्थानों पर हल्के से मीडियम कोहरे और ठंडे दिन की स्थिति का अनुमान लगाया है। दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल सर्दी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले दो दिनों में तापमान में दो डिग्री तक का इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग ने शुक्रवार यानी कि आज के लिए हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने और अधिकतम से न्यूनतम तापमान 19 डिग्री से 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया। घने कोहरे का असर रेल यात्रा पर भी पड़ रहा है. दिल्ली-एनसीआर आने और जाने वाली कई ट्रेनें धुंध की वजह से देरी से चल रही हैं। वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, बेंगलुरु-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, लखनऊ-नई दिल्ली तेजस सहित कई ट्रेने देरी से चल रही है।
गलन भरी सर्दी से खुद को बचाने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। लोग जगह-जगह अलाव जलाकर सर्दी से राहत लेने की कोशिश कर रहे हैं। राजधानी में कोहरे की मोटी परत छाने से विजिबिलिटी भी कम देखी गई। दिल्ली एनसीआर में पिछले 10 दिनों से घना कोहरा और धुंध देखी जा रही है। हालांकि दिन चढ़ते ही कोहरा भी छंटने लगता है। लेकिन सर्दी में फिलहाल कोई राहत नहीं देखने को मिल रही है। भीषण सर्दी और शीत लहर से बचने के लिए बेघर लोग रैन बसेरों में शरण ले रहे हैं। रैन बसेरों में लोगों के लिए बिस्तर और कंबलों की व्यवस्था की गई है। घने कोहरे और धुंध की वजह से दृष्यता बहुत ही कम हो गई है। वाहन चलाने वालों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है।





