प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज महराष्ट्र दौरे पर मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (एमटीएचएल) समुद्री पुल का उद्घाटन और ईस्टर्न फ्रीवे के ऑरेंज गेट को मरीन ड्राइव से जोड़ने वाली भूमिगत सड़क की आधारशिला रखेंगे। साथ ही सूर्या पेयजल परियोजना का लोकार्पण और मेगा कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर ‘भारत रत्नम’ का उद्घाटन भी करेंगे। भाजपा ने प्रधानमंत्री के महाराष्ट्र दौरे का विवरण एक्स पर साझा किया है। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर बने इसे समु्द्री पुल के निर्माण पर 17,840 करोड़ रुपये लागत आई है। इसकी आधारशिला प्रधानमंत्री मोदी ने दिसंबर, 2016 में रखी थी। यह लगभग 21.8 किलोमीटर लंबा छह लेन वाला पुल है। इसकी लंबाई समुद्र के ऊपर लगभग 16.5 किलोमीटर और जमीन पर लगभग 5.5 किलोमीटर है। यह मुंबई और नवी मुंबई के बीच तेज कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। यह मुंबई से पुणे, गोवा और दक्षिण भारत की यात्रा के समय को भी कम करेगा। ये पुल भूकंप, हवा के दबाव और ज्वार को झेलने की क्षमता जैसी विशेषताओं के साथ बनाया गया है।
पीएम आज ईस्टर्न फ्रीवे के ऑरेंज गेट को मरीन ड्राइव से जोड़ने वाली भूमिगत सड़क सुरंग की भी आधारशिला रखेंगे। 9.2 किमी लंबी सुरंग 8700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाई जाएगी। यह मुंबई में एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा विकास होगा जो ऑरेंज गेट और मरीन ड्राइव के बीच यात्रा में लगने वाले समय को कम कर देगा। पीएम मोदी सूर्या क्षेत्रीय थोक पेयजल परियोजना के पहले चरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।





