बिहार में कड़ाके की ठंड के बीच सियासी पारा गर्म है। इसी बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकरसे मिलने पहुंचे हैं। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू कोटे के मंत्री विजय चौधरी के साथ राज्यपाल से मुलाकात करने के लिए पहुंचे हुए हैं। बीते कुछ दिनों से प्रदेश में सियासी अटकलें तेज हैं।
राजभवन पहुंचने से पहले सीएम नीतीश एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यहां से वह सीधे राजभवन पहुंचे। बताया जा रहा है कि करीब 40 मिनट तक सीएम नीतीश कुमार की राज्यपाल के साथ बैठक चली। सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार की राज्यपाल से विधानमंडल के बजट सत्र को लेकर चर्चा हुई। यह सत्र बेहद खास हो सकता है। नीतीश के अचानक राज्यपाल के पास पहुंचने से सियासी सरगर्मियां इसलिए बढ़ गईं, क्योंकि पिछले कुछ समय से नीतीश के एनडीए में वापस जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। ये अटकलें तब और तेज हो गईं, जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बयान एक बयान दिया। अमित शाह ने एक अखबार को दिए इंटरव्यू में जेडीयू और नीतीश कुमार की एनडीए में वापसी की संभावना पर टिप्पणी की। उनसे पूछा गया था कि क्या नीतीश कुमार के लिए एनडीए के दरवाजे अब भी खुले हैं? इसके जवाब में गृहमंत्री शाह ने कहा- प्रस्ताव आएगा तो विचार करेंगे।
अमित शाह के उस बयान के बाद बिहार के सियासी हलके में जेडीयू और राजद के रिश्तों में कड़वाहट की चर्चाएं होने लगी थीं। तब बिहार भाजपा नेता संजय सरावगी ने कहा थ,’फिलहाल नीतीश इंडिया गठबंधन में कांग्रेस, लालू और तेजस्वी के साथ हैं। INDI गठबंधन का कोइ भविष्य नहीं है। अगर नीतीश कुमार बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी में आते हैं, तब उनके स्वागत के लिए हम तैयार हैं। इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर आपस में मार काट मची हुई है’।
इससे पहले जेडीयू एमएलसी खालिद अनवर का बयान सामने आया था, जिसमें उन्होंने कांग्रेस के उस दावे को खारिज किया था, जिसमें कांग्रेस ने नीतीश कुमार के राहुल गांधी की जनसभा में शामिल होने की बात कही थी। खालिद ने कहा था कि अब तक नीतीश कुमार को कांग्रेस की तरफ से कोई आधिकारिक निमंत्रण नहीं मिला है। पता नहीं कांग्रेस ने नीतीश के शामिल होने का दावा कैसे कर दिया। बता दें कि एक दिन पहले ही ऐसी जानकारी सामने आई थी कि नीतीश कुमार 29 जनवरी को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल होंगे। राहुल गांधी फिलहाल असम में हैं। उनकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा 29 जनवरी को बिहार में प्रवेश करेगी। किशनगंज के रास्ते यह यात्रा 30 जनवरी को पूर्णिया पहुंचेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 30 जनवरी को पूर्णिया में होने वाली सभा में राहुल गांधी के साथ मंच साझा करेंगे। कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रवक्ता प्रेमचंद मिश्रा ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्णिया में इस यात्रा में शामिल होंगे। हालांकि, इस बात की पुष्टि जदयू की ओर से नहीं की गई है।





