दिल्ली से मुंबई जा रही एअर इंडिया की उड़ान AI-887 को तकनीकी खराबी के चलते सोमवार सुबह दिल्ली में ही आपात रूप से वापस उतारना पड़ा। विमान ने सुबह करीब 6.10 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी, लेकिन टेक-ऑफ के कुछ ही देर बाद उसमें तकनीकी समस्या आ गई।
जानकारी के अनुसार, विमान का एक इंजन बंद हो गया, जिसके बाद पायलट ने मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विमान को दिल्ली लौटाने का फैसला लिया। सुबह 6.52 बजे विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं।
एअर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। तकनीकी खराबी का पता चलते ही आवश्यक कदम उठाए गए और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया गया। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया है। एयरलाइन के मुताबिक, विमान की तकनीकी जांच की जा रही है और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की गई है। यह घटना एक बार फिर उड़ान सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करती है, जहां समय रहते लिया गया निर्णय एक बड़े हादसे को टालने में मददगार साबित हुआ।
मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट की दिल्ली में आपात लैंडिंग





