राजस्थान के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नवीन जैन के नेतृत्व में पिंकसिटी के 50 हजार विद्यार्थियों को सिखाया जाएगा ‘गुड टच बैड टच’ का पाठ
स्पर्श अभियान के प्रणेता वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री नवीन जैन के नेतृत्व में ‘सेटरडे फॉर सोसायटी’ के अंतर्गत शनिवार को ‘सेफ पिंक सिटी’ अभियान चलाया गया, जिसके तहत जयपुर स्थित निजी स्कूलों के लगभग 10 हजार बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श यानि ‘गुड टच बैड टच’ के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। श्री जैन ने बताया कि टच किस इमोशन के साथ किया जा रहा है, इसकी पहचान ‘सिक्स्थ सेंस’ का इस्तेमाल करते हुए की जा सकती है। गुड टच और बैड टच में भेद करने की क्षमता भगवान ने सभी को प्रदान की है। विगत 5 वर्षों से चलाये जा रहे इस अभियान के तहत राजस्थान के समस्त जिलों में अब तक 15 लाख से अधिक स्कूली बच्चे सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बारे में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके है। स्कूलों में विद्यार्थियों के साथ यौन दुराचार की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होनें कहा कि यह आयोजन ऐसी घटनाओं की रोकथाम में मददगार साबित होगा।
सेफ पिंक सिटी मिशन कॉर्डिनेटर डॉ. सौरभ जैन एवं मुकुल कविया (सीबीईओ) ने बताया कि बच्चों को ‘बैड टच’ का मुकाबला करते हुए खुद को सुरक्षित रखने के लिए ‘नो-गो-टेल’ थ्योरी की बारीकियां सिखाई जाती है। इस मिशन के तहत ‘स्पर्श वालिंटियर्स’ द्वारा पिंक सिटी के 50 हजार विद्यार्थियों को अप्रैल माह के प्रत्येक शनिवार को सेशंस आयोजित कर विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। वॉलिंटियर्स के सहयोग से चलाया जा रहा यह अभियान ‘चाइल्ड अब्यूज’ की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए राजस्थान सहित देश के अन्य राज्यों (दिल्ली, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, मणिपुर, महाराष्ट्र) में भी अपनी पहुंच बना चुका है।






