प्रदेश के सरकारी कार्यालयों में देर से आने वाले और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों के कार्य जल्द से जल्द निपटाए जाएं और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सरकारी कर्मचारी निर्धारित समय पर अपनी सीट पर उपस्थित रहें, समस्याओं का समाधान करें और आमजन को सरकारी योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दें। इस निर्देश का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग ने विभिन्न टीमों का गठन किया है, जो लगातार कार्यालयों में जाकर फीडबैक ले रही हैं। विभाग की शासन सचिव उर्मिला राजोरिया ने बताया कि उप शासन सचिव महेन्द्र परेवा के नेतृत्व में विभागीय दल ने गुरुवार को हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय के विभिन्न सरकारी कार्यालयों और विभागों का निरीक्षण किया।
इस दौरान 92 उपस्थिति पंजिकाएं जब्त की गईं, जिनमें 21.42 प्रतिशत राजपत्रित और 13.45 प्रतिशत अराजपत्रित कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।






