जयपुर: भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव को ध्यान में रखते हुए राजस्थान सरकार ने सेना की आवाजाही के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री प्रेमचंद बैरवा ने परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ शुक्रवार को जयपुर स्थित शासन सचिवालय में एक अहम बैठक की। इस बैठक में उन्होंने सेना की मूवमेंट को प्राथमिकता देते हुए सड़कों को खाली रखने और लॉजिस्टिक सपोर्ट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैरवा ने कहा कि भारत की सुरक्षा सर्वोपरि है और सेना की निर्बाध आवाजाही को हर हाल में प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने रोडवेज की बसों और चालकों को रिज़र्व में रखने के निर्देश दिए ताकि जरूरत पड़ने पर सेना को तुरंत संसाधन मुहैया कराए जा सकें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में उत्पन्न हालातों को देखते हुए परिवहन विभाग युद्ध स्तर पर तैयार रहे। जिला प्रशासन और अर्द्ध सैनिक बलों को भी हर संभव लॉजिस्टिक मदद दी जाए। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाए कि भारतीय सेना और अर्द्ध सैनिक बलों की मूवमेंट में कोई बाधा न आए। इसके अलावा, उपमुख्यमंत्री ने सीमावर्ती जिलों में परिवहन विभाग के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वाहन, ड्राइवर और रूट प्लानिंग की पूरी जानकारी जिला प्रशासन और संबंधित बलों को तत्काल सुलभ कराई जाए।
राजस्थान: सरकार ने सेना की मूवमेंट के लिए रोडवेज बसें और ड्राइवर रिज़र्व में रखने के निर्देश दिए






