मध्य प्रदेश के मंडला में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुनावी रैली से पहले ही जिम्मेदारों की लापरवाही से पार्टी की फजीहत हो गई है. यहां मुख्य मंचर पर जो बैनर लगाया गया है, उसमें बीजेपी से मंडला सीट से उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते की फोटो लगा दी गई. जब इस तरफ ध्यान गया तो तुरंत उस फोटो पर दूसरा पोस्टर चिपका दिया गया. लोकसभा चुनाव प्रचार के बीच मध्य प्रदेश से आई एक तस्वीर चर्चा में आ गई है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मंडला में चुनावी सभा से ठीक पहले मुख्य मंच पर फ्लेक्स में बीजेपी उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते की तस्वीर दी गई. हालांकि, इसमें कुलस्ते का नाम नहीं लिखा था. इस फ्लेक्स में अन्य कांग्रेस नेताओं की भी बिना नाम लिखे फोटो लगाई गई थीं. बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज मंडला लोकसभा क्षेत्र के धनोरा गांव में जनसभा को संबोधित करेंगे और कांग्रेस उम्मीदवार ओमकार सिंह मरकाम के पक्ष में माहौल बनाएंगे. यहां कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के चुनावी संबोधन से पहले मुख्य मंच पर जो फ्लेक्स लगाया जा रहा था, उसमें सभी कांग्रेस नेताओं के साथ केंद्रीय मंत्री और बीजेपी उम्मीदवार फग्गन सिंह कुलस्ते की तस्वीर भी लगाई गई थी. बाद में आनन-फानन में गलती को छिपाने के लिए मंच पर लगे फ्लेक्स में बीजेपी नेता कुलस्ते की फोटो को ढंक दिया और उस फ्रेम में कांग्रेस विधायक रजनीश हरवंश सिंह का पोस्टर चिपका दिया गया है.
‘राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश के दौरे पर’
राहुल गांधी मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं. वे आज धनोरा (सिवनी) और बाणगंगा मेला ग्राउंड (शहडोल) में जनसभा को संबोधित करेंगे. राहुल दोपहर 2 बजे सिवनी पहुंचेंगे. उसके बाद शाम 4 बजे शहडोल की रैली में शामिल होंगे. मंडला सीट पर बीजेपी ने एक बार फिर फग्गन सिंह कुलस्ते पर दांव लगाया है. हालांकि, फग्गन हाल ही में निवास सीट से विधानसभा चुनाव हार गए थे. कुलस्ते मंडला सीट से 6 बार लोकसभा सांसद रहे हैं. वे एक बार राज्यसभा सदस्य भी रहे हैं. 2019 के चुनाव में उन्होंने करीब 98 हजार वोटों से चुनाव जीता था और कांग्रेस उम्मीदवार कमल सिंह मरावी को मात दी थी. कांग्रेस ने इस बार यहां से ओमकार सिंह मरकाम को मैदान में उतारा है. मरकाम ने 2023 के विधानसभा चुनाव में डिंडोरी सीट से जीत हासिल की है. मरकाम कांग्रेस की प्रदेश सरकार में मंत्री भी रहे हैं और चार बार के विधायक हैं. साल 2014 के लोकसभा चुनाव में कुलस्ते के खिलाफ मरकाम को हार का सामना करना पड़ा था.






